Monday, October 5, 2026
spot_img
HomeLatest NewsJalandhar: महिला ने PM मोदी को दी गालियां, संत निरंजनदास को भी...

Jalandhar: महिला ने PM मोदी को दी गालियां, संत निरंजनदास को भी बोला भला-बुरा, केस दर्ज

शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को देर रात करीब 11 बजे हिरासत में लिया।

 जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर बनाए गए हाई सिक्योरिटी इंतजामों से नाराज एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बता दें कि वीडियो में महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ डेरा सचखंड बल्लां के संत निरंजनदास के खिलाफ भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आदमपुर पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बेटी की बीमारी का हवाला देकर जताई नाराजगी
वीडियो में महिला यह कहते हुए दिखाई दे रही है कि प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे और डेरा बल्लां में कार्यक्रम के कारण आदमपुर क्षेत्र के सभी प्रमुख रास्ते बंद कर दिए गए हैं। महिला का कहना है कि उसकी बेटी रात से बीमार है और लगातार उल्टियां कर रही है, लेकिन वह उसे इलाज के लिए डॉक्टर तक नहीं ले जा पा रही।
महिला ने आरोप लगाया कि न केवल सड़कें बंद की गईं, बल्कि मेडिकल स्टोर और आसपास के पेट्रोल पंप भी खुलने नहीं दिए गए। स्कूटी में पेट्रोल कम होने के कारण वह दूर तक नहीं जा सकती थी, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई।
पुलिस पर भी लगाए आरोप
वीडियो में महिला ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि पुलिस किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है और इमरजेंसी हालात में भी लोगों को जाने नहीं दिया जा रहा। महिला ने यह भी दावा किया कि वह किसी से नहीं डरती और पुलिस से भी उसकी बहस हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा तनाव
महिला का यह वीडियो सामने आने के बाद आदमपुर और आसपास के इलाकों में माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों के लोग थाने पहुंच गए। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती।
जंडूसिंघा गांव की रहने वाली है महिला
पुलिस के अनुसार महिला की पहचान जंडूसिंघा गांव निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है। पूछताछ में महिला ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे और सुरक्षा बंदोबस्त के कारण बनी परिस्थितियों से वह बेहद परेशान हो गई थी, जिसके चलते उसने गुस्से में आकर वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
पंच समेत अन्य लोगों ने दी शिकायत
इस मामले में जंडूसिंघा गांव के पंच जोगिंदर पाल सिंह सहित सन्नी जस्सल, बलवीर कुमार और रणजीत चोपड़ा ने आदमपुर थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत में कहा गया कि महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर प्रधानमंत्री और संत के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
देर रात हिरासत में लेकर दर्ज किया केस
शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को देर रात करीब 11 बजे हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला ने यह कृत्य जानबूझकर माहौल खराब करने के इरादे से किया या वह वास्तव में निजी परेशानी के चलते भावनात्मक रूप से आक्रोशित थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments